होम राज्य उत्तर प्रदेश विभाजन की विभीषिका में शहीद हुए लोगों की स्मृति में बदायूं में...

विभाजन की विभीषिका में शहीद हुए लोगों की स्मृति में बदायूं में 14 अगस्त को निकलेगा कैंडल मार्च

बदायूं। वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लाखों लोगों की स्मृति में पंजाबी समाज सेवा समिति (रजि.), बदायूं की ओर से 14 अगस्त, शुक्रवार को कैंडल मार्च निकाला जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से विभाजन की त्रासदी में अपने प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही समाज के लोगों को अपने पुरखों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का संदेश दिया जाएगा।

पंजाबी समाज सेवा समिति की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार कैंडल मार्च 14 अगस्त को शाम 6:30 बजे गुरुद्वारा पंजाबी मोहल्ला से शुरू होगा। यहां से समाज के लोग हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर पंजाबी मंदिर के लिए रवाना होंगे। कैंडल मार्च निर्धारित मार्ग से होते हुए श्री रघुनाथ मंदिर (पंजाबी मंदिर) पहुंचेगा।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि 1947 का विभाजन पंजाबी समाज सहित देश के करोड़ों लोगों के लिए बेहद पीड़ादायक दौर था। विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर-बार छोड़ने पड़े और लाखों लोगों ने अपनी जान गंवाई। इसी त्रासदी में शहीद हुए लोगों की स्मृति को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को उस दौर की पीड़ा एवं बलिदान से परिचित कराने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

मोमबत्तियां स्थापित कर दी जाएगी श्रद्धांजलि

कैंडल मार्च के पंजाबी मंदिर पहुंचने के बाद वहां मोमबत्तियां स्थापित की जाएंगी। इसके बाद विभाजन के दौरान शहीद हुए लोगों की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

समिति ने बदायूं के समस्त पंजाबी समाज के लोगों से अपील की है कि विभाजन की पीड़ा से प्रभावित रहे अपने पुरखों की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपने पूर्वजों के बलिदान और संघर्ष को स्मरण करने का अवसर है।

समिति की ओर से समाज के लोगों से समय का विशेष ध्यान रखते हुए शाम 6:30 बजे गुरुद्वारा पंजाबी मोहल्ला पहुंचने का अनुरोध किया गया है।

कार्यक्रम के आयोजकों बिन्नी नारंग एवं गुरदीप सिंह ने बताया कि कैंडल मार्च में समिति के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और समाज के लोग शामिल होंगे। उन्होंने सभी से इस भावपूर्ण कार्यक्रम में सहभागिता कर विभाजन में शहीद हुए अपने पुरखों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया।

इसके लिए पंजाबी समाज सेवा समिति (रजि.) बदायूं के अध्यक्ष बिन्नी नारंग – महासचिव गुरदीप सिंह –सहित समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने अधिक से अधिक लोगों से उक्त कार्यक्रम मे शामिल होने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here