होम राज्य उत्तर प्रदेश बिल्सी : रक्षा बंधन से पहले काल ने छीन लिया चार बहनों...

बिल्सी : रक्षा बंधन से पहले काल ने छीन लिया चार बहनों का इकलौता भाई, करंट की चपेट में आकर 20 वर्षीय शिवम की मौत,

चार बहनों की खुशियां लील गया करंट, रक्षा बंधन से कुछ दिन पहले ही हो गईं चार बहनों के इकलौते भाई की करंट लगने से मौत

बिल्सी। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद रक्षा बंधन के पर्व पर चार बहनें अपने इकलौते भाई शिवम की कलाई पर राखी बांधने और उसकी लंबी उम्र की कामना करने की तैयारियां कर रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। रक्षा बंधन से पहले ही एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। मोहल्ला नंबर छह, गौशाला रोड स्थित ट्रांसफार्मर के सामने बुधवार को करंट की चपेट में आने से 20 वर्षीय शिवम कश्यप पुत्र जगपाल कश्यप की मौत हो गई।

शिवम चार बहनों के बीच अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जवान बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर जिसने भी सुनी, वह स्तब्ध रह गया।

घर में डेग बजाने के लिए तार लगा रहा था शिवम

बताया जा रहा है कि बुधवार को शिवम घर में डेग बजाने के लिए तार लगा रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही शिवम गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

परिजन बिना देर किए उसे उपचार के लिए बिल्सी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन शिवम को लेकर मेडिकल कॉलेज बदायूं पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

राखी की तैयारियों से पहले घर में छा गया मातम

शिवम की मौत ने सबसे गहरा जख्म उसकी चार बहनों को दिया है। रक्षा बंधन का पर्व कुछ ही दिन बाद है। जिस भाई की कलाई पर बहनें राखी बांधने और उसकी सलामती की दुआ करने वाली थीं, अब उसी भाई की मौत ने उनके जीवन में ऐसा खालीपन छोड़ दिया है, जिसे भर पाना शायद कभी संभव नहीं होगा।

चारों बहनों का इकलौता भाई होने के कारण शिवम पूरे परिवार का लाड़ला था। उसकी असमय मौत से माता-पिता पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जवान बेटे का शव देखकर परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

मोहल्ले में शोक की लहर

हादसे की जानकारी मिलते ही मोहल्ले और आसपास के लोगों की भीड़ शोकाकुल परिवार के घर पहुंचने लगी। हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने का प्रयास करता नजर आया, लेकिन बेटे को खोने का गम इतना गहरा था कि परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।

महज 20 वर्ष की उम्र में शिवम की दर्दनाक मौत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रक्षा बंधन जैसे भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के पर्व से पहले हुई इस घटना ने पूरे बिल्सी क्षेत्र को झकझोर दिया है। चार बहनों के लिए इस बार राखी का त्योहार खुशियों के बजाय भाई की याद और आंखों में आंसू लेकर आएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here