बिल्सी में चोरी की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, पिता के घर से लाखों की चोरी करने वाला बेटा गिरफ्तार

बिल्सी (बदायूं)। थाना बिल्सी पुलिस ने लगभग दो सप्ताह पूर्व हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी की इस वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि वादी के ही पुत्र ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी भी बरामद कर ली है।
प्रभारी निरीक्षक बिल्सी ने बताया कि 19 जुलाई 2026 को ग्राम दीननगर शेखपुर निवासी जयपाल सिंह ने अपने घर से एक लाख रुपये नकद एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की सूचना दी थी। तहरीर के आधार पर थाना बिल्सी में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर बुधवार को ग्राम दीननगर मार्ग स्थित नई पिंडरी तिराहे के पास से आरोपी अरविंद उर्फ हिमांशु (26 वर्ष), पुत्र जयपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार सोने के कंगन, एक सोने की चेन, एक हार, नथ, अंगूठी, चांदी की तगड़ी, चांदी का सिक्का तथा 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 18/19 जुलाई की रात अपने ही पिता के घर से नकदी और जेवरात चोरी किए थे। पुलिस के अनुसार आरोपी बरामद सामान को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामदगी और आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना बिल्सी पुलिस की इस कार्रवाई से करीब दो सप्ताह पुरानी चोरी की घटना का सफल खुलासा हो गया, वहीं बरामद जेवरात और नकदी मिलने से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली।


























