



बिल्सी। नगर के बाईपास रोड पर नवनिर्मित प्रेम मालती कॉम्पलेक्स का बुधवार को विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन के साथ भव्य लोकार्पण किया गया। इस आधुनिक एवं बहुआयामी कॉम्पलेक्स का निर्माण नगर के प्रतिष्ठित गल्ला व्यापारी एवं एन.ए. इंटर कॉलेज के प्रबंधक मनीष पाल वार्ष्णेय द्वारा अपने माता-पिता स्वर्गीय मालती वार्ष्णेय एवं स्वर्गीय प्रेमपाल वार्ष्णेय की पुण्य स्मृति में कराया गया है।
लोकार्पण अवसर पर मनीष पाल वार्ष्णेय ने बताया कि इस परिसर में एक ही छत के नीचे रोजगार उन्मुख सुविधाओं से युक्त आधुनिक मॉल विकसित किया जाएगा, जिससे नगरवासियों को व्यापार और खरीदारी की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि अगले चरण में कॉम्पलेक्स की ऊपरी मंजिल पर मल्टीप्लेक्स और फ्लैटों का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे नगर के विकास को नई गति मिलेगी।
बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे शुभारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत कथावाचक पंडित गोरेलाल व्यास द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन संपन्न कराया गया। इसके उपरांत दोपहर भोज का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं गल्ला व्यापारियों ने सहभागिता की।
प्रेम मालती कॉम्पलेक्स का लोकार्पण नगर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में व्यापार, रोजगार और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की नई संभावनाएं सृजित होंगी।


























