बरेली। विधानसभा क्षेत्र 122 फरीदपुर से भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान विधायक प्रो. डॉ. श्याम बिहारी लाल का आकस्मिक हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही बरेली जनपद सहित शहर से गांव तक शोक की लहर दौड़ गई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रो. डॉ. श्याम बिहारी लाल बरेली स्थित सर्किट हाउस में आयोजित एक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। यह बैठक पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में होनी थी। बैठक के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों द्वारा उन्हें तत्काल मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन हार्ट अटैक अत्यधिक गंभीर होने के कारण उन्हें नहीं बचाया जा सका। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो बार विधायक रहे प्रो. डॉ. श्याम बिहारी लाल फरीदपुर विधानसभा से भाजपा के एक प्रभावशाली और लोकप्रिय नेता माने जाते थे। वे अपने सरल स्वभाव, संगठनात्मक पकड़ और क्षेत्र के प्रति सक्रियता के लिए जाने जाते थे। उनके असामयिक निधन को भाजपा संगठन और जनप्रतिनिधियों के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

निधन की सूचना मिलते ही पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं समर्थकों का अस्पताल और उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। जिले में कई स्थानों पर शोक सभाओं की तैयारी की जा रही है।

दिनांक 02 जनवरी 2026 को हुए इस दुखद घटनाक्रम से पूरा जनपद स्तब्ध है। उनके समर्थक ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की कामना कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here