
बदायूं। खेल जगत में बदायूं के लिए गर्व का क्षण है। जिले के अंतरराष्ट्रीय ताइक्वान्डो खिलाड़ी अजय पाल सिंह का चयन द्वितीय एशियन सिख गेम्स के लिए हुआ है, जहां वे भारत देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह जानकारी जिला ताइक्वान्डो संघ, बदायूं के अध्यक्ष श्री मेहदीरत्ता ने देते हुए बताया कि सिख फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 30 एवं 31 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले द्वितीय एशियन सिख गेम्स के अंतर्गत ताइक्वान्डो स्पर्धा में अजय पाल सिंह सीनियर वर्ग पूमसे टीम स्पर्धा में भाग लेंगे।
उल्लेखनीय है कि अजय पाल सिंह वर्तमान में ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, उझानी (बदायूं) में ताइक्वान्डो कोच के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनका चयन सातवीं राष्ट्रीय सिख गेम्स के दौरान शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ। यह प्रतियोगिता 20 एवं 21 दिसंबर 2025 को कांत दर्शन पब्लिक स्कूल, नागली सकरवती, नजफगढ़ (नई दिल्ली) के इंडोर हॉल में आयोजित की गई थी, जहां अजय पाल सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर बदायूं का नाम रोशन किया था।
अजय पाल सिंह की इस उपलब्धि पर ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक श्री नीलांस अग्रवाल, प्रधानाचार्य श्री रविन्द्र भट्ट, जिला ताइक्वान्डो संघ बदायूं के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री महेंद्र पाल सिंह किट्टू, श्री गिरधारी सिंह राठौर, श्री नीरज शर्मा एवं अक्षज रस्तोगी सहित खेल प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए एशियन सिख गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।


























