बिल्सी।राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आज रविवार शाम 6 बजे द जर्नलिस्ट संगठन, जिला इकाई बदायूं की एक महत्वपूर्ण बैठक बिल्सी तहसील रोड स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष ललित मोहन वाष्णेय ने कहा कि “स्वतंत्र, निष्पक्ष और साहसिक पत्रकारिता के बल पर ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। लेखनी के प्रहरी होने के नाते हम सभी पत्रकारों को एकजुट होकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।”

कार्यक्रम में उपस्थित प्रदेश सचिव डॉ. नीरज अग्निहोत्री और जिला सचिव प्रशांत जैन ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस भारत में स्वतंत्र एवं जिम्मेदार प्रेस की मजबूती का प्रतीक है। यह दिन पत्रकारों को उनके कर्तव्यों, गरिमा और जनता के प्रति जवाबदेही की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में निष्पक्ष पत्रकारिता न केवल आवश्यकता है, बल्कि राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार भी है।

उन्होंने बताया कि प्रेस दिवस 16 नवंबर को इसलिए मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन वर्ष 1966 में भारत में प्रेस परिषद् की स्थापना हुई थी, जिसका उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता को बनाए रखना और पत्रकारिता के मानकों को संरक्षित करना है।

बैठक में क्षेत्र के अनेक पत्रकारों और बुद्धिजीवियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस मौके पर—
ऋषभ कृष्ण गुप्ता, सूरज सागर, देव ठाकुर, सूर्यांश सिंह, माधव अग्निहोत्री सहित कई पत्रकार एवं बुद्धिजीवी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here