



आनंदपुर साहिब (रूपनगर)। पंजाब सरकार द्वारा आयोजित ऐतिहासिक और भव्य ड्रोन शो ने रविवार देररात श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरा को रोशन कर दिया। गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी पर प्रस्तुत इस दिव्य दृश्य ने हजारों श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी पंजाब सरकार के निमंत्रण पर विशेष रूप से पहुंचे।
उन्होंने गुरुद्वारा शीशगंज साहिब और भोरा साहिब में मत्था टेका और बाद में ड्रोन शो को “बेहद दिव्य, अद्भुत और आत्मा को झकझोर देने वाला अनुभव” बताया।
पंजाब सरकार का मेगा ड्रोन शो: तकनीक के सहारे इतिहास का पुनर्जीवन
मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार कई महीनों से गुरु साहिब के शहीदी पर्व की तैयारियों में जुटी थी।आनंदपुर साहिब में हुए शो में हजारों ड्रोन के जरिए गुरु तेग बहादुर साहिब जी के जीवन, तपस्या, त्याग और शहादत की पवित्र कथा को आकाश में जीवंत कर दिया गया।
शो की खास झलक—
- मुगल शासक औरंगजेब की तानाशाही का चित्रण
- कश्मीरी पंडितों की व्यथा और गुरु साहिब के “जो सरण आवै तिसु कंठ लगावै” सिद्धांत का दर्शन
- भाई मती दास जी की आरे से शहादत
- भाई दयाला जी को उबालकर शहीद किए जाने का दृश्य
- भाई सती दास जी को रूई में लपेटकर जलाए जाने की कथा
- गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के अंतिम क्षणों का चित्रण
- भाई जैता जी द्वारा गुरु साहिब का पवित्र शीश आनंदपुर साहिब लाए जाने का दृश्य
ड्रोन लाइट्स, ध्वनि, संगीत, और पंजाबी वृतांत ने संगत को इतिहास की उस घड़ी से जोड़ दिया जब धर्म, मानवता और आस्था की रक्षा के लिए गुरु तेग बहादुर साहिब जी ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।
केजरीवाल ने की पंजाब सरकार की खुलकर सराहना
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शो के बाद कहा-“श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित यह ड्रोन शो दिव्य और अद्भुत है।
गुरु तेग बहादुर साहिब जी के शहीदी पर्व पर पंजाब सरकार की तैयारियां श्रद्धा और सम्मान से भरी रही हैं। इस कार्यक्रम में शामिल होकर मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूँ।”उन्होंने गुरुओं की पवित्र धरती पर संगत के साथ बैठकर इस दृश्य को“जीवन का अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव” बताया।
पंजाब सरकार का ऐतिहासिक निर्णय—तीन पवित्र शहरों को मिला विशेष दर्जा,
इस आयोजन के मद्देनजर पंजाब सरकार ने एक दिवसीय विधानसभा सत्र बुलाया।
इसमें श्री:
- अमृतसर साहिब
- साबो की तलवंडी
- आनंदपुर साहिब को आधिकारिक रूप से “पवित्र शहर” घोषित करने वाला ऐतिहासिक कानून पारित किया गया। यह निर्णय संगत ने जोरदार उत्साह से स्वागत किया।
शो में रही दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
ड्रोन शो के दौरान कई बड़े नेता और मंत्री मौजूद रहे, जिनमें—
- मनीष सिसोदिया
- हरजोत सिंह बैंस (सूचना एवं लोक संपर्क मंत्री)
- तरुणप्रीत सिंह सौंद (पर्यटन मंत्री)
- हरभजन सिंह ETO (लोक निर्माण मंत्री)
- बरिंदर कुमार गोयल (जल संसाधन मंत्री)
- लालजीत सिंह भुल्लर (परिवहन मंत्री)
- हरदीप सिंह मुंडियां (राजस्व मंत्री)
- कुलदीप सिंह धालीवाल (विधायक)
- बुद्ध राम (विधायक)
- गुरदित्त सिंह सेखों (विधायक)
- जसवंत सिंह गज्जणमाजरा (विधायक)
नौजवान पीढ़ी को गुरु साहिब की विरासत से जोड़ने का संकल्प
CM भगवंत मान ने कहा कि ड्रोन शो अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से दुनिया को गुरु साहिब के त्याग और मानवीय मूल्यों से अवगत कराने का अनोखा प्रयास है।
पंजाब सरकार की मंशा है कि—दुनिया,देश की युवा पीढ़ी, और सिख इतिहास में रुचि रखने वाला हर व्यक्ति गुरु तेग बहादुर साहिब जी की महान शहादत को विज्ञान और आधुनिक तकनीक के माध्यम से समझ सके। इस कार्यक्रम ने आनंदपुर साहिब को फिर एक बार अध्यात्म, इतिहास और वैभव के केंद्र में ला खड़ा किया।यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि था, बल्कि गुरु साहिब के संदेश को संसार तक पहुंचाने का एक भव्य, आधुनिक और प्रेरणादायक माध्यम भी बना।


























