बिल्सी।सावन मास की शिव तेरस पर बुधवार को बिल्सी नगर शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। सुबह तड़के से ही मंदिरों में घंटियों की गूंज और “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया। नगर के प्रमुख मंदिरों—शिव शक्ति भवन, मनकामेश्वर मंदिर, कुटी मंदिर एवं मोहल्ला नंबर 5 स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।

सुबह 3:00 बजे से ही कछला गंगा घाट और हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौटे कांवरियों ने अपने अपने गांव एवं नगर पहुंचकर विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना शुरू कर दिया। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजन कर शिव परिवार को पुष्प, बेलपत्र, धतूरा, भांग, फल आदि अर्पित किए।

नगर के मोहल्ला नंबर 5 स्थित शिव मंदिर में शाम 4:00 बजे स्वदेश केसरी के तहसील प्रभारी ललित मोहन वार्ष्णेय ने सपरिवार पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश और कार्तिकेय को पोशाक अर्पित की और फिर दुग्धाभिषेक कर संपूर्ण परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर लक्ष्मी गुप्ता, शिखर वार्ष्णेय, राकेश शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इसी क्रम में शिव शक्ति भवन मंदिर और कुटी मंदिर में भी आज दोपहर भक्तों ने बाबा महाकाल का विशेष रुद्राभिषेक कराया। पूजा-अर्चना का क्रम पूरे दिन चलता रहा। मंदिरों में कीर्तन-भजन, प्रसाद वितरण और जल सेवा जैसी गतिविधियों ने धार्मिक वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया।नगरवासियों ने श्रद्धा और संयम के साथ इस पावन दिन को मनाया, जिससे शिवभक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश भी प्रसारित हुआ।

“भोले की भक्ति में जो रम जाए, वो भवसागर पार कर जाए।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here