



बदायूं।उत्तर प्रदेश सरकार की परिषदीय विद्यालय मर्जर नीति और प्रधानाध्यापक पद समाप्ति के विरोध में आज जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर जोरदार धरना प्रदर्शन हुआ। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में 145 ग्राम पंचायतों के प्रधान, शिक्षक, अभिभावक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, रसोइया संघ, किसान यूनियन सहित कई संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 50 से कम छात्र संख्या वाले स्कूलों को मर्ज करना और प्रधानाध्यापक का पद खत्म करना ग्रामीण शिक्षा प्रणाली पर सीधा हमला है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इससे बालिका शिक्षा प्रभावित होगी और कई बच्चों को पढ़ाई छोड़नी पड़ेगी।
प्रदर्शन के दौरान नन्हे-मुन्ने छात्रों ने हाथों में “स्कूल बंद न करो” जैसे नारों की तख्तियां लेकर सरकार से अपील की। शिक्षक संघ ने चेतावनी दी कि यदि यह नीति वापस नहीं ली गई, तो बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी।
प्रदर्शन का समापन मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश चंद्र पाल को सौंपकर किया गया।
धरने में संघ के तमाम पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक, भोजन माताएं, ग्राम प्रधान और छात्र शामिल रहे।


























