बिल्सी। नगर के मोहल्ला नंबर दो निवासी एक व्यापारी को एटा पुलिस शुक्रवार को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। जानकारी के अनुसार, व्यापारी अनूप कुमार माहेश्वरी पर एटा की एक फाइनेंस कंपनी से लेनदेन को लेकर वर्ष 2019 में परिवाद दर्ज किया गया था।
पुलिस का कहना है कि मामले में कोर्ट द्वारा जारी आदेशों की अनदेखी करने पर अदालत ने अनूप कुमार के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (नॉन बेलेबल वारंट) जारी किया था। इसी वारंट के आधार पर कोतवाली एटा पुलिस की टीम बिल्सी पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर एटा रवाना हो गई।
पुलिस के अनुसार, अनूप कुमार का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और उनकी गिरफ्तारी कोर्ट के निर्देशों के तहत की गई है। इस कार्रवाई के बाद नगर में व्यापारी वर्ग में हलचल देखी गई।




















