शनिवार की रात बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के नरेनी चौराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। युवक की पहचान उघैती थाना क्षेत्र के ग्राम खितौरा निवासी रवि गुप्ता (36) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रवि गुप्ता पड़ोस के एक गांव में आयोजित शादी समारोह में काम करने गए थे। रात में काम खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह नरेनी चौराहे के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को तेज रफ्तार से टक्कर मार दी।
हादसे में रवि गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
रवि की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के जिम्मेदार वाहन की तलाश जारी है।

























