बदायूं में पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने सोमवार देर रात सौ पुलिसकर्मियों के तबादले का आदेश जारी किया। तबादले की इस सूची में हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और महिला कांस्टेबल शामिल हैं। ये सभी पुलिसकर्मी पिछले तीन साल से एक ही थाने में तैनात थे, जिनका तबादला लंबे समय से प्रतीक्षित था।
सूत्रों के अनुसार, एसएसपी ने पिछले दिनों एक ही थाना और यूपी 112 समेत अन्य शाखाओं में तीन साल से ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए थे। सबसे पहले यह प्रक्रिया यूपी 112 में तैनात स्टाफ के तबादले से शुरू हुई, जो अब थानों तक पहुंच चुकी है। तबादले के तहत सदर कोतवाली, सिविल लाइंस, महिला थाना, बिनावर, कुंवरगांव, उझानी कोतवाली, कादरचौक, उसहैत, मूसाझाग और कोतवाली दातागंज में तैनात पुलिसकर्मियों को नई तैनाती दी गई है।
इसके अलावा, एसएसपी ने 20 अन्य पुलिसकर्मियों के तबादले भी किए हैं, जिनमें कुछ के पहले किए गए ट्रांसफर को संशोधित कर नई तैनाती दी गई है।

























