
बिल्सी स्थित बाबा इन्टरनेशनल स्कूल में आज हिंदी दिवस बड़े धूम-धाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिंदी के महत्व पर विचार प्रस्तुत किए, जिसमें दोहे, भाषण और प्रेरक प्रसंग शामिल थे।
कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। भाषण प्रतियोगिता में खुशी यादव, अनिका यादव, आरोही पाल, आस्था यादव, अंशिका रत्नाकर, और अनन्या यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में मनु उपाध्याय, अनन्या माहेश्वरी, मानवी, श्रव्या वार्ष्णेय, संजना मीणा, अक्षिता कश्यप, अक्षरा माहेश्वरी, और अन्तिमा सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान, विद्यार्थियों ने हिंदी के महत्व को दर्शाते हुए कहा कि हिंदी दुनिया में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषाओं में से एक है। 14 सितंबर 1949 को भारतीय संविधान में हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिया गया था, और तब से यह दिन हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी अब सरकारी क्षेत्र से बाहर निकलकर निजी क्षेत्र में भी आवश्यक हो रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकारी कार्यालयों में अंग्रेजी की जगह हिंदी का प्रयोग होना चाहिए।
विद्यालय निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि हिंदी दिवस का मुख्य उद्देश्य बच्चों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि उत्पन्न करना है। उन्होंने अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी के ज्ञान को महत्वपूर्ण बताते हुए पूरे वर्ष हिंदी के प्रयोग पर जोर दिया।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने हिंदी को हमारी संस्कृति और एकता का प्रतीक बताते हुए सभी विद्यार्थियों से मातृभाषा को बढ़ावा देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी और सभी शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

























