
बदायूं: पुलिस लाइन चौराहे पर बना नाला हादसों को लगातार न्योता दे रहा है, और नगर पालिका व नगर प्रशासन की घोर लापरवाही इसकी मुख्य वजह बनती जा रही है। यह नाला ना सिर्फ आम नागरिकों बल्कि बेजुबान जानवरों के लिए भी खतरनाक साबित हो रहा है। आए दिन इस नाले में कोई न कोई गिरकर घायल हो जाता है, लेकिन प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर आँखें मूंदे बैठा है।
आज फिर एक हादसा हुआ, जब एक ई-रिक्शा नाले में गिर गया। इस हादसे में एक महिला घायल हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से ई-रिक्शा और सवारियों को बाहर निकाला गया, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर नगर प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है।
इस नाले से प्रतिदिन कई बड़े जन प्रतिनिधि भी गुजरते हैं, लेकिन वे भी इस खतरनाक स्थिति को अनदेखा करते हुए आगे बढ़ जाते हैं। जनता अब सवाल उठा रही है कि आखिर कब तक यह लापरवाही यूं ही जारी रहेगी? और कितने हादसे होने के बाद प्रशासन की आँखें खुलेंगी?
इस प्रकार की घटनाओं के बावजूद, नाले की मरम्मत या उसे सुरक्षित बनाने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नगर प्रशासन को तुरंत इस मुद्दे पर ध्यान देकर इसे हल करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।

























