होम राज्य उत्तर प्रदेश यूपी लोकसभा चुनाव 2024: सपा ने महज 68 दिनों में तीसरी बार...

यूपी लोकसभा चुनाव 2024: सपा ने महज 68 दिनों में तीसरी बार बदला बदायूं लोकसभा सीट से उम्मीदवार – अमर उजाला हिंदी समाचार लाइव

यूपी लोकसभा चुनाव 2024: सपा ने महज 68 दिनों में तीसरी बार बदला बदायूं लोकसभा सीट से उम्मीदवार

यूपी लोकसभा चुनाव
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


बदायूं लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी ने 68 दिन में तीसरी बार उम्मीदवार बदल दिया है। हालांकि टिकट मुलायम सिंह यादव के परिवार के सदस्य को दिया गया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बदायूं में टिकट बदलने के लिए सहमति दे दी है। अब वहां से पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव के बजाय उनके पुत्र आदित्य यादव चुनाव लड़ेंगे।

आदित्य सहकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। यहां बता दें कि सपा की पहली सूची 30 जनवरी को जारी हुई थी, इसमें मैनपुरी से डिंपल यादव और बदायूं से धर्मेंद्र यादव का नाम शामिल था, लेकिन 22 फरवरी को जारी दूसरी सूची में धर्मेंद्र यादव का टिकट काटकर शिवपाल सिंह यादव को बदायूं से उम्मीदवार घोषित कर दिया गया।

टिकट तय होने के बाद शिवपाल सिंह यादव ने बेटे आदित्य के साथ बदायूं आकर चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया, लेकिन उनका यह चुनावी अभियान बेटे के पक्ष में माहौल बनाने का उपक्रम मात्र था। बताते हैं कि शिवपाल दिल्ली की राजनीति में ज्यादा इच्छुक नहीं हैं।

शिवपाल अपने बेटे को भी राजनीति में स्थापित करना चाहते हैं। इसलिए एक बार फिर बदायूं में प्रत्याशी बदल दिया गया है। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने भी बदायूं से आदित्य यादव को प्रत्याशी बनाए जाने की पुष्टि की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here