
आरोपी संकेत यादव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
महिला एसपी बनकर बदायूं के सराफ को ठगने वाले 19 साल के युवक को पुलिस ने जबलपुर से दबोच लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक आसानी से लड़की की आवाज में बात कर सकता है। गूगल मैप के जरिए सारी जानकारी जुटाकर आरोपी ने सराफ और पुलिस को अपने झांसे में ले लिया था।
युवक का नाम संकेत यादव है। वह मध्य प्रदेश में जबलपुर जिले के थाना पाटन क्षेत्र के थापक वार्ड पाटन का रहने वाला है। वह नौवीं पास है। पुलिस के मुताबिक वह साइबर ठगी करने में माहिर है। यह कभी एक स्थान पर नहीं रुकता। यह हर समय सफर करते हुए या फिर अलग-अलग स्थानों पर जाकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देता है। वर्ष 2016 में यह एक चोरी के मामले में जेल गया था।
वर्ष 2021 में स्थानीय पुलिस ने इसे तमंचे के साथ पकड़ा था। जब जमानत पर छूटकर आया तो साइबर ठगी करना शुरू कर दी। एक साल पहले जबलपुर की पाटन थाना पुलिस ने ठगी करने के आरोप में इसे पकड़ा था। तब यह ठिकाने बदलकर रह रहा था। यह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। जब इसने साइबर ठगी करना शुरू की है। तब से अपने घर भी नहीं जा रहा।

























