
कलक्ट्रेट सभा कक्ष में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते डीएम मनोज कुमार।स्रोत-प्र
बदायूं। जिले के डीएम ने मनोज कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारी की हैसियत से कलक्ट्रेट में लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी काम न किया जाए, जिससे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हो। किसी धर्म जाति या व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी न की जाए। अगर बिना अनुमति सभा करते हैं तो कार्रवाई होगी। अनुमति के लिए आयोजक को अपने क्षेत्र के एसडीएम के यहां आवेदन करना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) ने कहा कि राजनीतिक दल धारा 144 का भी ध्यान रखें। उसके प्रावधानों को भली-भांति अध्ययन करने के बाद कार्यक्रम आयोजित करें। लोकसभा प्रत्याशी अधिकतम 95 लाख रुपये खर्च कर सकता है। एडीएम एफआर डॉ. वैभव शर्मा ने बताया कि जिले में चुनाव तृतीय चरण में सात मई और मतगणना चार जून को मंडी समिति में होगी। नामांकन 12 अप्रैल से शुरू होगा। एडीएम प्रशासन रेनू सिंह ने बताया कि सूचनाओं के आदान-प्रदान व बेहतर समन्वय के लिए जिलास्तर पर राजनीतिक दलों के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि ईमेल आईडी भी उपलब्ध करा दें, ताकि आयोग के दिशा निर्देशों को उनको व्हाट्सएप के अतिरिक्त ईमेल पर भी दिया जा सके। सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार, भाजपा से आशीष शाक्य, आम आदमी पार्टी से भूदेव सिंह, सपा से अशोक यादव, बसपा से मनोज कश्यप, आईएनसी से सुरेश सिंह राठौर, अरविंद सिंह राठौर आदि मौजूद रहे।

























