
ग्रामसभा की जमीन पर बनी अवैध दुकानें
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के दातागंज कोतवाली क्षेत्र के दियोरी गांव में ग्राम समाज की बनी नौ दुकानों को गिराने के लिए नोटिस जारी किया गया है। अगर खुद नहीं हटाया तो प्रशासन का बुलडोजर चलेगा। इस मामले में ग्राम प्रधान समेत आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज है। लेखपाल निलंबित हो चुका है।
दियोरी गांव में सड़क किनारे नौ दुकानों का अवैध निर्माण कराया गया है। उनमें कुछ दुकानों पर लेंटर पड़ने को रह गया है। यह सभी दुकानें ग्राम सभा की जगह में बनाई गई हैं। इस संबंध में 26 फरवरी 2024 को चंपा पत्नी द्वारिका प्रसाद ने ग्राम प्रधान समेत आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई था।
चंपा का कहना था कि उसके घर के सामने ग्राम सभा की जगह पड़ी है। उधर से उसके परिवार के लोगों का आना जाना है लेकिन उसके गांव के इल्यास, जावेद, सप्पू, सुआ, उदयवीर और लालाराम आदि ने ग्राम प्रधान इरेंद्र पाल और उसके पिता संतोष के साथ साठगांठकर सरकारी जगह पर कब्जा कर लिया और वहां दुकानों का निर्माण करा दिया गया, जिससे उसके घर का निकास तक बंद हो गया। इसकी शिकायत पर तहसील प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी और मामले की छानबीन शुरू कर दी।

























