
मोरेह के कई इलाकों में हिंसा हो रही है। भारी सुरक्षाबल तैनात किया गया है।
मणिपुर के मोरेह इलाके में बुधवार (17 जनवरी) की सुबह उग्रवादियों ने सुरक्षाबलों की गाड़ी पर हमला कर दिया। इसमें स्टेट पुलिस कमांडो से जुड़े इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) के जवान वांगखेम सोमरजीत की मौत हो गई और एक जवान घायल हो गया। सोमरजीत वेस्ट इंफाल के मालोम के रहने वाले थे। हमलावर कुकी समुदाय के बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि बुधवार की सुबह मोरेह में सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच तीन अलग-अलग जगहों पर मुठभेड़ हुई। उग्रवादियों ने मोरेह SBI के पास सुरक्षाबलों की एक चौकी पर बम फेंके और गोलीबारी की। उग्रवादियों ने अस्थायी कमांडो पोस्ट पर गोले भी दागे, जिससे आसपास खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल तेंगनौपाल जिले में कर्फ्यू लगा है।
इसके अलावा 16 जनवरी की सुबह इम्फाल के कौट्रुक गांव में सुरक्षाबलों और कुकी उग्रवादियों के बीच दो घंटे तक गोलीबारी हुई।

ये तस्वीर मोरह की है। उग्रवादियों ने कई जगहों पर बम दागे।
मोरेह में हिंसा क्यों हो रही है …
1. SDPO की हत्या में हुई गिरफ्तारियों का विरोध
पुलिस के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में मोरेह के SDPO रहे आनंद सिंह चौधरी की हत्या कर दी गई थी। 15 जनवरी को इस मामले में दो संदिग्ध फिलिप खोंगसाई और हेमोखोलाल मटे को गिरफ्तार किया गया। इनकी गिरफ्तारी का स्थानीय लोग लगातार विरोध कर रहे हैं।
2. कई संगठन भी विरोध में आए
दोनों आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें 9 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। इनके पास से एक पिस्तौल, एक चीनी हथगोला, दस जिंदा राउंड और दस डेटोनेटर जब्त किए गए थे। स्थानीय लोगों ने इन दोनों की रिहाई की मांग करते हुए मोरेह पुलिस स्टेशन के सामने विरोध प्रदर्शन भी किया था।
कुकी इनपी तेंगनौपाल (KIT), चुराचांदपुर जिला स्थित इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (ITLF) और कांगपोकपी जिला स्थित कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (COTU) ने दोनों की गिरफ्तारी का विरोध किया है। सभी का कहना है कि इन दोनों का एसडीपीओ आनंद सिंह की हत्या से कोई संबंध नहीं है।

मोरह में घायल हुए सुरक्षाकर्मी को इम्फाल के RIMS में भर्ती कराया गया है।
मणिपुर हथियार लूट मामले में CBI ने चार्जशीट दाखिल की
केंद्रीय जांच एजेंसी CBI ने 4 मई 2023 में मणिपुर पुलिसकर्मियों से हथियार और गोला-बारूद लूटने के मामले में बुधवार (17 जनवरी) को 5 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
CBI के मुताबिक, गुवाहाटी के कामरूप (मेट्रो) चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने चार्जशीट पेश की गई। उन्होंने आगे कहा कि सीबीआई ने जून 2023 में यह मामला मणिपुर पुलिस (इंफाल पूर्व में हिंगांग पुलिस स्टेशन) से अपने हाथ में लिया था।
मणिपुर में अब तक 200 से ज्यादा मौतें, 1100 घायल
राज्य में 3 मई से कुकी और मैतेई के बीच जारी जातीय हिंसा में 200 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। राज्य में अब तक 65 हजार से अधिक लोग अपना घर छोड़ चुके हैं। 6 हजार मामले दर्ज हुए हैं और 144 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

