अरुणाचल प्रदेश के पक्के केसांग जिला में एक महिला प्रिंसिपल ने संस्कृत में स्कूल प्रेयर न पढ़ पाने पर लगभग 20 स्टूडेंट्स की पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपी प्रिंसिपल ने बच्चों को धमकी भी दी।उसने कहा- अगर अपने पेरेंट्स को इस बारे में बताया तो सभी को अंजाम भुगतना पड़ेगा। मामला पतंजलि योगपीठ ट्रस्ट के एक स्कूल का है। विवाद बढ़ने के बाद ट्रस्ट ने भी महिला प्रिंसिपल को बर्खास्त कर दिया।
वहीं पुलिस ने शनिवार (16 दिसंबर) को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से प्रिंसिपल को गिरफ्तार किया। पक्के केसांग के SP तासी दरांग ने रविवार को घटना की जानकारी दी।
SP ने बताया कि पूरा मामला तब सामने आया जब क्लास 1 के एक स्टूडेंट के माता-पिता ने उसके शरीर पर चोट के निशान देखे। पूछताछ के बाद बच्चे ने पूरी घटना बताई। 10 दिसंबर को सिजोसा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
बताया गया कि बच्चे संस्कृत में प्रेयर नहीं पढ़ पा रहे थे। सजा के तौर पर प्रिंसिपल ने क्लास 1 से 4 तक के लगभग 20 बच्चों की पिटाई कर दी। इसके बाद प्रिंसिपल ने बच्चों को ये बात किसी को न बताने की धमकी भी दी।