होम राज्य उत्तर प्रदेश ताला न टूटने पर अलमारी ही उठा ले गए चोर – ज्वैलर्स...

ताला न टूटने पर अलमारी ही उठा ले गए चोर – ज्वैलर्स की दुकान का शटर काटकर लाखों के आभूषण चोरी।

ज्वेलर्स दुकान का शटर काटकर लाखों के आभूषण चोरी शटर काटकर चोरी किए जाने के बाद जांच करती फोरेंसिक टीम फ़ोटो:स्वदेश केसरी

हाथरस:कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के जलेसर रोड पर 29 दिसंबर की रात अज्ञात चोरों ने सराफ की दुकान का शटर काटकर लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। चोर दुकान में रखी जेवरात से भरी अलमारी उठाकर ले गए। इस दुस्साहसिक वारदात से पुलिस में खलबली मच गई। थाना हाथरस गेट पुलिस, श्वान दस्ता और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस चोरों की पहचान करने के लिए आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है।

सदर कोतवाली क्षेत्र के भट्टा वाली गली निवासी राहुल राजकुमार वर्मा की जलेसर रोड पर भोलाशंकर ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। वह रोजाना की तरह 29 दिसंबर की शाम अपने भाई हृदेश वर्मा के साथ दुकान बंद करके घर चले गए। सुबह पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि उनके दुकान में चोरी हो गई है। वह दुकान पर पहुंचे और वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान इधर-उधर बिखरा था। राहुल ने बताया कि चोर दुकान का शटर काटकर अंदर रखी अलमारी चोरी कर ले गए। अलमारी में करीब डेढ़ किलो चांदी व 20 ग्राम सोना था। इसकी कीमत करीब दो लाख रुपये थी। सूचना पर इलाका पुलिस श्वान दस्ता और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई।

आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सराफ की दुकान में सीसीटीवी नहीं लगे थे। इस कारण घटना होने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। पुलिस अब आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी को खंगालने में जुट गई है। पुलिस ने जलेसर रोड पर लगे कई दुकानों व भवनों के रात्रि के सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए हैं।

ताला न टूटने पर अलमारी ही उठा ले गए चोर

सराफ के जेवरात दुकान में रखी अलमारी में रखे हुए थे। तीन लॉक की अलमारी होने के कारण चोर अलमारी का ताला तोड़ने में विफल रहे और अलमारी को ही अपने साथ उठाकर ले गए।

अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर उठाकर चांदी का सामान चोरी की है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरी के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। – राम प्रवेश राय, सीओ सदर।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here