होम राज्य उत्तर प्रदेश यूपी विधान परिषद (MLC) चुनाव के पहले चरण के लिए आज अधिसूचना,...

यूपी विधान परिषद (MLC) चुनाव के पहले चरण के लिए आज अधिसूचना, तीन मार्च को मतदान!

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) के चुनाव के लिए पहले चरण में 30 सीटों के लिए अधिसूचना आज जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. नामांकन की अंतिम तिथि 11 फरवरी है. नामांकन पत्रों की जांच 14 फरवरी और 16 फरवरी को नाम वापसी की अंतिम है. पहले चरण के लिए मतदान 3 मार्च को प्रात: 8 से शाम 4 बजे तक होगा.

दो चरणों में संपन्न होगा चुनाव
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 35 स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों से 36 सदस्यों का निर्वाचन दो चरणों में किया जाना है. इन सदस्यों का कार्यकाल 07 मार्च 2022 को समाप्त हो रहा है. प्रथम चरण के अंतर्गत 29 स्थानीय निर्वाचन क्षेत्रों से 30 सदस्यों का चुनाव किया जाना है.

16 फरवरी नाम वापसी की अंतिम तिथि
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए 04 फरवरी 2022 (शुक्रवार) को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होगी. 11 फरवरी 2022 (शुक्रवार) को नाम निर्देशन की अंतिम तिथि 14 फरवरी 2022 को नाम निर्देशन की जांच की जायेगी और 16 फरवरी, 2022 को नाम वापसी की अंतिम तिथि होगी. प्रथम चरण के लिए मतदान 03 मार्च, 2022 को होगा. मतदान का समय 08:00 बजे से 04:00 बजे तक निर्धारित है.

29 स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अधिसूचना
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण के जिन 29 स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचन के लिए अधिसूचना जारी हो रही है, उनका विवरण इस प्रकार है. मुरादाबाद-बिजनौर, रामपुर-बरेली, बदायूं, पीलीभीत-शाहजहांपुर, हरदोई, खीरी, सीतापुर, लखनऊ-उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, बाराबंकी, बहराइच, आजमगढ़-मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर-सोनभद्र, इलाहाबाद, बांदा-हमीरपुर, झांसी-जालौन-ललितपुर, कानपुर-फतेहपुर, इटावा-फर्रूखाबाद, आगरा-फिरोजाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, मेरठ-गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर-सहारनपुर और मथुरा-एटा-मैनपुरी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र हैं. मथुरा-एटा-मैनपुरी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से 02 सदस्य और शेष निर्वाचन क्षेत्रों से 01-01 सदस्य निर्वाचित होने हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here