होम राज्य उत्तर प्रदेश यूपी में इन भाजपा विधायकों का कटेगा टिकट, यह होगा पैमाना

यूपी में इन भाजपा विधायकों का कटेगा टिकट, यह होगा पैमाना

आगरा : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगरा में स्पष्ट संकेत दिए कि जनता के बीच नॉन परफार्मिंग (खराब प्रदर्शन करने वाले) मंत्रियों और विधायकों के टिकट कट सकते हैं। इसलिए उनकी कोई उपलब्धि है तो उसे जनता के बीच लाएं। अपने कार्यों का दस्तावेज (बुकलेट) बनाएं।

नड्डा ने ब्रज क्षेत्र के भाजपा जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का खाका ही नहीं खींचा बल्कि तीसरी लहर के मद्देनजर सेवाभाव का मंत्र भी दिया। स्थानीय होटल में संगठन की विभिन्न बैठकों के साथ चिकित्सकों के सम्मान समारोह में भी भाजपा अध्यक्ष ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ शिरकत की। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 बेहद करीब हैं। अब कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में लगें। केंद्र के साथ राज्य सरकार की सभी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। बूथ को मजबूत बनाएं। प्रवास की संख्या बढ़ाएं। संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों को शत-प्रतिशत जमीन पर उतारना है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए हमें हर समय विचार करना है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज में हुए विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी के अलावा फिरोजाबाद और एटा में बन रहे मेडिकल कॉलेज, आगरा में प्रस्तावित छत्रपति शिवाजी महाराज के संग्रहालय आदि विषयों को रखा। बैठक में भाजपा अध्यक्ष नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पदाधिकारियों से आपस में सामंजस्य स्थापित कर चुनाव में जीजान से जुटने के लिए कहा।

भाजपा अध्यक्ष ने तीसरी लहर से मुकाबले के लिए पार्टी के स्वयंसेवकों को भी मैदान में उतारे जाने की रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि दो लाख गांवों में भाजपा के स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैयार किए जा रहे हैं। इनमें से 1.80 लाख का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। हर बूथ पर दो हेल्थ वालेंटियर्स रहेंगे। तीसरी लहर आने तक चार लाख स्वयंसेवक मुकाबले के लिए तैयार हो जाएंगे।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि बूथ जीत लिया तो चुनाव जीत लिया। इसलिए मंडल को सक्षम और बूथ को सक्रिय करना होगा। मंडल स्तर के पदाधिकारी व्यवस्थाओं में सक्षम होंगे तो बूथ के कार्यकर्ता भी सक्रिय रहेंगे। बूथ स्तर पर मजबूती के लिए जिला महानगर इकाई के निर्देशन में मंडल, सेक्टर और बूथ पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं के सम्मेलन होंगे। भाजपा ब्रज क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक में ‘बूथ विजय अभियान’ के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का रोडमैप तैयार किया गया। रविवार को आगरा में दो सत्रों में आयोजित बैठक के पहले सत्र में नड्डा ने कहा कि मेरा बूथ सबसे मजबूत नारे के दृष्टिकोण से पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर ध्यान लगाना होगा। जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूती मिलेगी, तो आगामी विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित है। जिला एवं महानगर इकाई में कितने मंडल हैं, कितने सेक्टर है अैर कितने बूथ हैं, इन सबके हिसाब से सेक्टर प्रभारियों के सम्मेलन आयोजित होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here