उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश बदायूँ के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता की अगुवाई में आज मंगलवार को व्यापारियों के एक शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन बदायूँ जनपद प्रभारी केबिनेटमंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण को सौंपा l
जिसमें 6 सूत्रीय मांग शामिल है lज्ञापन में कहा गया है कि पिछले दिनों प्रदेश अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई वर्चुअल मीटिंग में अधिकांश वक्ताओं ने मुख्यमंत्री से सभी ट्रेडों की दुकान अति शीघ्र खोलने की मांग किये जाने पर आम सहमति बनी थी उसी के अनुरूप सभी जिलों से 25 मई को मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने का निर्देश प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने जारी किए थे।उसी के अनुपालन में बदायूँ टीम ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए एक ज्ञापन प्रभारी मंत्री को सौंपते हुए कहा गया कि वर्तमान में उद्यमी और व्यापारी बुरी तरह से आर्थिक तंगी से गुज़र रहा है l शादी-विवाह का सीजन भी चल रहा है l पिछले काफी दिनों से चल रहे लॉकडाउन का दंश झेल रहे मध्यमवर्गीय व्यापारियों पर जीविका चलाने का एकमात्र साधन केवल उनकी दुकानें हैं l यह दुकानें बंद पड़ी हैं l अधिकांश व्यापारियों को दुकान का किराया बिजली का बिल दुकान पर काम करने वाले कर्मचारियों का वेतन, बैंक की किस्त और ब्याज,बच्चों की फीस आदि अनेक खर्च पूरे करने के साथ ही परिवार के खर्चों को पूरा करने की जिम्मेदारी है l ज्ञापन में आगे कहा गया है कि सरकार द्वारा अभी तक व्यापारियों को किसी तरह न तो टैक्स, न बिजली बिल,न बैंकों के ब्याज में व्यापारियों को दी गई है, उनकी दुकानें बंद करा कर उन्हें भूखा मरने को मजबूर कर दिया गया है।
व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने जनपदीय प्रभारी मंत्री से मांग करते हुए कहा कि किराने के साथ बाकी सभी ट्रेडों की दुकानें भी अतिशीघ्र खोलने के आदेश पारित किए जाएं,उन्होंने कहा कि इस समय शादी विवाह का सीजन है ऐसे में विवाह आदि कार्यक्रम के लिये वेंकटहॉल में 100 व्यक्तियों तथा खुले स्थान पर 200 व्यक्तियों की अनुमति कोविड19 के नियमों के पालन के साथ प्रदान करने की कृपा की जाए l जिला संयोजक महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि व्यापारियों की दुकान और गोदाम के कॉमर्शियल बिजली के बिलों को लॉकडाउन पीरियड की अवधि के लिए माफ किया जाए l सभी प्रकार के व्यापारियों के टर्नओवर के अनुसार उसको 20% अनुदान देने के भी आदेश पारित किए जाये, ताकि वह अपना रोजगार पुनर्स्थापित कर सकें l जिला संयोजक ने यह भी मांग की है कि कोविड 19 नियमों के पालन को जो निगरानी समिति बनी है उसमें व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को भी शामिल किया जाए।
व्यापार मंडल के जिलामहामंत्री प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि आज व्यापारी वर्ग काफी परेशान हैं l उनके धंधे पूरी तरह चौपट पड़े हुए हैं इसलिए व्यापारियों के हित में सरकार को जल्द कदम उठाने चाहिए, ताकि व्यापारियों को आर्थिक दिक्कतों से निजात मिल सके l युवा जिलाध्यक्ष उज्जवल गुप्ता ने कहा कि कोरोना की वजह से हर तरह का व्यापारी आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा है l यदि सभी तरह की दुकानें खुल जाएंगी तो व्यापारी के साथ साथ सरकार को भी काफी फायदा मिल सकता है l
ज्ञापन के दौरान राजसभा सांसद बीएल वर्मा, राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता,भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारती आदि मौजूद थे l




























