होम राज्य उत्तर प्रदेश बदलाव की बयार : टीएमयू में बीएड की छात्रा शीतल बनीं पांच...

बदलाव की बयार : टीएमयू में बीएड की छात्रा शीतल बनीं पांच घंटे की प्रिंसिपल !

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के शिक्षा संकाय में महिला दिवस पर बीएड की अंतिम सेमेस्टर की छात्रा मिस शीतल वर्मा ने प्रिंसिपल पद की बखूबी जिम्मेदारी निभाई। शीतल वर्मा ने करीब पांच घंटे बतौर प्राचार्या अपने कर्तव्यों का निर्वाह किया। सर्वप्रथम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रश्मि मेहरोत्रा ने शीतल को तिलक लगाकर और माला पहनाकर अपने कक्ष में ही प्राचार्या का स्थान ग्रहण कराया। इसके बाद कार्यकारी प्राचार्या शीतल ने सभी कक्षाओं का निरीक्षण करके छात्रों से संवाद किया। उन्हें अनुशासन में रहने के लिए प्रेरित किया। शीतल वर्मा ने समस्त टीचर्स की डायरी चेक की और उपस्थिति रजिस्टर पर भी अपने हस्ताक्षर किए। एक दिनी प्राचार्या बनीं शीतल ने सभी टीचरों को अपने पास बुलाकर उनके विषय और स्टडी कार्य में आ रही दिक्कतों के बारे में पूछा। प्राचार्या की भूमिका का निर्वाह करने के बाद छात्रा शीतल वर्मा ने इसे अनमोल पल बताते हए कहा, वह भविष्य में भी प्रिंसिपल बनना चाहेंगी। बोलीं, अच्छा विद्यार्थी बने बिना एक अच्छा प्रिंसिपल बनना मुश्किल है। निदेशक छात्र कल्याण प्रो. एमपी सिंह ने इसे बदलाव की बयार बताते हुए कहा, हमारी छात्राओं में गजब की क्षमता है। शीतल वर्मा ने भले ही पांच घण्टे के लिए कार्यभार संभाला है, वह दीगर छात्राओं के लिए रोल मॉडल हो गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here