होम राज्य उत्तर प्रदेश अधिवक्ता दोस्त ने दी दोस्ती में दगा, दोस्त ने दी मौत की...

अधिवक्ता दोस्त ने दी दोस्ती में दगा, दोस्त ने दी मौत की सजा

मुरादाबाद : दोस्त की बड़ी बहन को दूसरी बीवी बनाने का ख्वाब देखना प्रशिक्षु अधिवक्ता रवि पर भारी पड़ा। 22 दिसंबर की रात दूध लेने डेयरी पर गये अधिवक्ता को उनके ही दोस्त मनीष ठाकुर ने गोली मारकर मौत के घाट उतार था। सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर और वारदात में प्रयुक्त बरामद तमंचा के आधार पर सोमवार को कटघर पुलिस ने मनीष ठाकुर को जेल भेज दिया। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि कटघर थाना क्षेत्र में सूरज नगर पीतल बस्ती निवासी रवि यादव की हत्या 22 दिसंबर रात नौ बजे सिर में गोली मारकर की गई। वारदात का कोई चक्षुदर्शी गवाह नहीं मिला। हालांकि मृतक के बड़े भाई विजय यादव ने रंजिश में छोटे भाई की हत्या होने का संदेह जताते पड़ोस में रहने वाले राकी को नामजद अभियुक्त बनाया। मुकदमा दर्ज कर कातिल की तलाश में जुटी पुलिस ने कत्ल के आरोपित से पूछताछ की। घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। इसके बाद भी ऐसा कोई ठोस साक्ष्य पुलिस के हाथ नहीं लगा, जिसके आधार पर वह राकी को कातिल माने। इसके बाद पुलिस ने मृतक के दोनों मोबाइल नंबर की सीडीआर पढनी शुरू की। तब पता चला कि एक मोबाइल नंबर ऐसा है, जिस पर अधिवक्ता देर तक और एक ही दिन में कई बार लंबी बात करता था। पुलिस का संदेह गहराया। पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबर चलाने वाले को ट्रेस किया। संदिग्ध नंबर मृतक के मुहल्ले में ही रहने वाली एक युवती का निकला। संदेह के आधार पर पुलिस ने युवती के छोटे भाई मनीष ठाकुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में मनीष ने हत्या का राज खोला। बताया कि रवि से उसकी दोस्ती दो साल पुरानी थी। दोस्ती की आड़ में रवि उसके घर आने-जाने लगा। इस बीच रवि की नजर बड़ी बहन पर गड़ गई। तब उसने रवि को समझाया। बताया कि वह पहले से विवाहित है। चेतावनी दी कि कोई ऐसी चूक न हो जिससे कि दोनों परिवारों की साख समाज में खराब हो। रवि फिर भी नहीं माना। वह सार्वजनिक रूप से मनीष की बड़ी बहन से प्यार और उसी से शादी करने की चर्चाएं करने लगा। इससे मनीष भड़क गया। उसने रवि यादव की हत्या की योजना बनाई। वारदात की रात रवि जब डेयरी से दूध लेकर वापस घर लौट रहा था, तब मनीष उसका पीछा करने लगा। मौका पाते ही मनीष ने रवि के सिर में गोली मार दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here