होम राज्य उत्तर प्रदेश आजमगढ़ में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर की पुलिस से झड़प, कहा- उतार...

आजमगढ़ में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर की पुलिस से झड़प, कहा- उतार दूंगा सत्ता का नशा

अर्पित शर्मा लखनऊ संवाददाता की रिपोर्ट

हाइलाइट्स:

आजमगढ़ में भीम आर्मी मुखिया चंद्रशेखर की पुलिस से झड़प

कानून-व्यवस्था पर योगी सरकार को घेरने के लिए पहुंचे थे

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस से भीम आर्मी की भिड़ंत

पुलिस से तल्ख अंदाज में कहा- उतार दूंगा सत्ता का नशा

आजमगढ़
उत्तर प्रदेश में चुनावी घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम मैदान में उतरने का ऐलान कर चुकी हैं। वहीं भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी पहले से सक्रिय है। आजमगढ़ में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरने पहुंचे चंद्रशेखर की पुलिस से झड़प हो गई। इस दौरान उन्होंने पुलिस को धमकी भी दे डाली।
आजमगढ़ जिले में हो रही आपराधिक घटनाओं और दलित उत्पीड़न के मामलों के खिलाफ डीएम को ज्ञापन सौंपने चंद्रशेखर कलेक्ट्रेट पहुंचे। भीम आर्मी मुखिया की कलेक्ट्रेट में पुलिस से झड़प हो गई। इसके बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी उग्र हो गए। इस दौरान चंद्रशेखर ने तल्खी दिखाते हुए पुलिस को सत्ता का नशा उतारने तक की धमकी दे डाली।
चंद्रशेखर के आजमगढ़ आगमन की सूचना पर पुलिस सुबह से ही सतर्क थी। कलेक्ट्रेट और आसपास के क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई थी। दोपहर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ चंद्रशेखर डीएम दफ्तर के लिए रवाना हुए। स्थानीय खुफिया इकाई की सूचना पर अलर्ट पुलिस ने जब कलेक्ट्रेट के पास बैरिकेडिंग पर उन्हें रोका तो पुलिसकर्मियों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई।
भीम आर्मी कार्यकर्तओं का आक्रोश देखकर प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट के पास डेरा डाल दिया। इस दौरान चंद्रशेखर अपने तीखे तेवर में दिखे। उन्होंने पुलिस से धमकी भरे अंदाज में कहा कि सत्ता का नशा उतार दूंगा। हालांकि उसके बाद चंद्रशेखर कुछ लोगों के साथ डीएम से मिले और ज्ञापन सौंप कर लौट गए।
मीडिया से बात करते हुए आजाद समाज पार्टी नेता ने कहा कि तानाशाही से लोकतंत्र नहीं चलता है। मुख्यमंत्री अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को ठीक करें। किसान आंदोलन पर उन्होंने कहा कि कोरोना का बहाना बनाकर सरकार ने सदन का सत्र बंद कर दिया है। किसानों की तीनों बिल वापस लेने की मांग जायज है, जबकि केंद्र सरकार के गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल में रैलियां कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here