अंश गुप्ता की रिपोर्ट
सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं 4 मई से शुरू होंगी, जो 10 जून तक चलेंगी, लेकिन अभी इसकी डिटेल डेटशीट अभी जारी नहीं हुई है. इसके लिए अभी स्टूडेंट्स को थोड़ा इंतजार करना होगा. अभी यह कह पाना मुश्किल है कि डेटशीट कब जारी होगी, लेकिन केंद्रीय शिक्षामंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने बोर्ड परीक्षा के ऐलान के दौरान बताया कि 10वीं और 12वीं कक्षा की पूरी डेटशीट जल्द ही जारी की जाएगी. इसके लिए स्टूडेंट्स को सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.nic.in पर नजर बनाए रखना होगा.
15 जुलाई को रिजल्ट
निशंक ने बताया कि 10वीं, 12वीं की बोर्ड की लिखित परीक्षाएं 4 मई 2021 से शुरू होंगी, जिसे 10 जून तक संपन्न करा लिया जाएगा. जिसके बाद 15 जुलाई तक रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा, हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि प्रायोगिक परीक्षाओं की शुरूआत 1 मार्च 2021 से ही हो जाएगी.
सिलेबस में 30 फीसदी कटौती
केंद्रीय शिक्षामंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने बताया कि सीबीएसई ने स्टूडेंट्स की सहूलियत के लिए सिलेबस में 30 फीसदी की कटौती की है जिससे स्टूडेंट्स को काफी सहयोग मिलेगा. उन्होंने सभी स्टूडेंट्स को शुभकामनाएं दी और कहा कि वह पूरी ताकत व आत्मबल के साथ परीक्षा की तैयारियां करें उनके पास परीक्षा की तैयारियों के लिए काफी समय है.


























